
बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की मंगलवार (8 जुलाई, 2025) को हुई बैठक में अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और पत्रों को गंभीरता से न लेने का मुद्दा जोर-शोर से गूंजा। समिति की अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने इस लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को भविष्य में समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल
जनपद आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के बाद, समिति ने लोकसभागार में व्यापक समीक्षा बैठक की। इस दौरान, जनपद के विभिन्न विभागों को माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। विधान परिषद में नियम 105, 110, 115, 111, 39, 39(क) व 223 के अंतर्गत पूछे गए प्रश्नों और सूचनाओं से संबंधित कार्यवाहियों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
समीक्षा के दौरान, अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त पत्रों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि इन पत्रों पर समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डॉ. त्रिपाठी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को की गई कार्रवाई से यथाशीघ्र अवगत कराना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।
विकास और कानून-व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
समिति सदस्य और बाराबंकी से विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह ने जिले में संचालित विकास कार्यों, ग्रामीण सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, युवा रोजगार, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। अन्य समिति सदस्यों ने भी विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुझाव दिए।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर की गई कार्यवाहियों का प्रस्तुतीकरण किया, वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, समिति के अनुसचिव अरुण प्रकाश शर्मा, प्रतिवेदक सुधीर यादव, समीक्षा अधिकारी मयंक यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद
यह भी पढ़ें : Barabanki: अवैध खनन की सूचना पर SDM ने आधी रात को मारा छापा, एक JCB और 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप
Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
366
















