बहराइच।
मामूली सी बात पर सौतेला पिता हैवान बन गया। 14 साल की बेटी का चाकू से गला रेत दिया। बहन को बचाने आए छोटे भाई पर भी चाकू से हमला कर दिया। जान बचा कर बाहर भागे बेटे ने शोर मचा कर पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा। इसी बीच बेरहम पिता ने खुद को भी घायल कर लिया। शोर सुनकर मदद को दौड़े पड़ोसी घर के अंदर का नज़ारा देख सन्न रह गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। जबकि पिता का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी वृंदा शुक्ला ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
यह भी पढ़े : Barabanki News: नहर में 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीण हत्या की जता रहे आशंका
दिल दहला देने वाली ये घटना बहराइच जिले की कोतवाली नगर क्षेत्र के वजीर बाग मोहल्ले की है। जहां रहने वाली पिंकी बाल्मीकि ने आठ साल पहले पति राजा की मौत के बाद संतोष नाम के व्यक्ति से दूसरा विवाह किया है। दोनों ही नगर पालिका में संविदा सफाईकर्मी के तौर पर काम करते हैं। रविवार की सुबह पिंकी ड्यूटी पर गयी हुई थी जबकि पहले पति से हुए तीन बच्चे और संतोष घर पर मौजूद थे।

इसी दौरान संतोष ने 14 साल की सौतेली बेटी रिया उर्फ तान्या से कोई काम बताया जिसे रिया ने अनसुना कर दिया। इतनी मामूली बात पर ही संतोष आपे से बाहर हो गया और चाकू से रिया उर्फ तान्या का गला रेत दिया। बहन को बचाने आये 10 साल के भाई पूरब पर भी चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद संतोष ने अपने गले पर चाकू से वार कर खुद को भी घायल कर लिया।

शोर सुनकर मदद को दौड़े पड़ोसी अंदर का नज़ारा देख सन्न रह गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनो घायलो को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। जहां काफी खून बह जाने के चलते रिया उर्फ तान्या की मौत हो गयी। जबकि संतोष को प्राथमिक उपचार दिया गया। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि एक पिता द्वारा अपनी 14 वर्षीय सौतेली बेटी की बड़े चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गयी है। आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी ने खुद को भी घायल करने की कोशिश की थी जिसका प्राथमिक उपचार करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
रिपोर्ट – कामरान अल्वी / ख़ालिद हुसैन


Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
1,176















