‘संविधान से हटे सेकुलर शब्द’…BJP सांसद साक्षी महाराज का बड़ा बयान; बोले- ‘कोई व्यक्ति धर्मनिरपेक्ष हो ही नहीं सकता’, अखिलेश और राहुल के लिए भी कही ये बड़ी बात

 


उन्नाव, यूपी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने संविधान से ‘सेकुलर’ और ‘सोशलिस्ट’ शब्दों को हटाने की मांग करते हुए एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकता, और अगर कोई ऐसा कहता है तो वह ‘बकवास’ कर रहा है।
उन्नाव स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान मीडिया से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा, “मैं एक धर्माचार्य हूं। दुनिया का बड़े से बड़े विद्वान मुझसे बहस कर ले, धर्मनिरपेक्ष हो ही नहीं सकता, यह सब बकवास है।” उन्होंने इसे ‘संविधान का अन्याय और पाप’ बताते हुए तर्क दिया कि जैसे आँख का धर्म देखना और कान का धर्म सुनना है, वैसे ही इंसान का भी एक धर्म होता है। उन्होंने पूछा कि क्या अग्नि अपना धर्म भूल सकती है?
साक्षी महाराज ने बताया कि वह राजनीति में आने से पहले से ही ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द का विरोध कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह शब्द “देश को बर्बाद करने के लिए जोड़ा गया।”
सपा और अखिलेश यादव पर जातिवाद का जहर घोलने का आरोप
साक्षी महाराज ने इटावा के कथावाचक कांड पर समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “सपा के दिमाग में जातिवाद का जहर भरा है, ये लोग जातिवाद का जहर घोलकर राजनीति करते हैं।” उन्होंने छद्म वेश में धोखा देने और भ्रमित करने को बड़ा अपराध बताया।
उन्होंने कथावाचक मुकुट मणि यादव पर सवाल उठाते हुए कहा, “एक आधार कार्ड में ब्राह्मण, दूसरे में यादव, क्या यह रोहिंग्या है या आतंकवादी जो छिपकर रह रहा है? यादव बनकर कथा करो, कोई मना नहीं कर रहा, लेकिन भ्रमित करके नहीं।” पौराणिक प्रसंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रावण ब्राह्मण था और राम ठाकुर थे, फिर भी राम ने रावण का वध किया। उन्होंने कहा कि आज तक किसी ब्राह्मण ने रावण का पुतला नहीं फूंका, क्योंकि उसने वेश बदलकर सीता का हरण किया था। साक्षी महाराज ने जोर दिया कि देश में गुणों से पूजा होती है, जाति से नहीं।
उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपनी पहचान नहीं छिपाई और दलित समुदाय से आने के बावजूद कई बड़े कीर्तिमान स्थापित किए, जिसके कारण आज पूरा देश उनका सम्मान करता है।
राहुल गांधी पर निशाना: ‘कांग्रेस ने देश बर्बाद किया’
साक्षी महाराज ने कांग्रेस और राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने राहुल गांधी को राजनीति में ‘पप्पू’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में देश बर्बाद किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में विकास का कीर्तिमान रचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं और कश्मीर समस्या को जन्म दिया। साक्षी महाराज ने यहां तक कहा कि “राहुल गांधी के दादा-दादी देश के दुश्मन थे, इन्होंने ही देश का विभाजन कराया।” उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति और हिंदू-मुस्लिम भेदभाव की शुरुआत करने का आरोप भी लगाया।
रिपोर्ट – नौमान माजिद

यह भी पढ़ें : Barabanki: ‘भ्रष्टाचार’ के आरोपों से घिरे ADM अरुण कुमार सिंह, रामनगर PG कॉलेज भर्ती में बड़ा ‘खेल’, लोकायुक्त में शिकायत

यह भी पढ़ें : Barabanki: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बेकाबू स्कॉर्पियो ने रौंदा, रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का CCTV वीडियो वायरल… Video

 

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!