बाराबंकी।
शनिवार को जारी हुई भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची में बाराबंकी लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद उपेन्द्र सिंह रावत का टिकट फाइनल हुआ और अगले ही दिन आज रविवार को सोशल मीडिया पर फूटे करीब आधा दर्जन से ज्यादा ‘वीडियो बमो’ ने जिले की राजनीति में भूचाल मचा दिया। वायरल वीडियोज़ में भाजपा सांसद उपेंद्र सिंह रावत के दो अलग अलग युवतियों के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखाई देने का दावा किया जा रहा हैं। बैकग्राउंड में “दिल गलती कर बैठा” गाना बजते हुए भी सुनाई दे रहा है। (बाराबंकी एक्सप्रेस इन वीडियोज़ की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है)
रविवार सुबह से ही सांसद उपेन्द्र सिंह रावत के खेमे में टिकट फाइनल होने का जश्न मनाया जा रहा था। समर्थक एक दूसरे का मुंह मीठा करा कर खुशियां मना रहे थे और सांसद उपेन्द्र रावत मंदिरों में माथा टेक कर जीत की कामना कर रहे थे। सब कुछ सांसद उपेन्द्र रावत के मन मुताबिक चल रहा था कि तभी अचानक सोशल मीडिया पर एक के बाद एक वायरल हुए आधा दर्जन से ज्यादा ‘अश्लील वीडियोज़’ ने जिले की राजनीति में तूफ़ान बरपा कर दिया। देखते ही देखते लोगो के मोबाइल पर नोटिफिकेशन टोन बजने लगी और भाजपा सांसद उपेन्द्र सिंह रावत के बताए जा रहे ये आपत्तिजनक वीडियो तेज़ी से एक से दूसरे और दूसरे से तीसरे के मोबाइल में पहुँचने लगे।
रविवार को जो आधा दर्जन से ज्यादा वीडियोज़ वायरल हुई है वो किसी होटल के कमरे में गुप्त कैमरे की मदद से बनाई गयी प्रतीत हो रही है। वीडियोज़ में 31 जनवरी 2022 और 11 मई 2022 की तारीख दिखाई पड़ रही है। वीडियोज़ में दो अलग अलग विदेशी युवतियां भाजपा सांसद बताए जा रहे शख्स के साथ शराब पीते, मौजमस्ती करते और शारिरिक संबंध बनाते दिख रही है। वीडियो के बैकग्राउंड में सुपरहिट गीत “दिल गलती कर बैठा…बोल कफ़्फ़ारा क्या होगा” बजते हुए सुनायी पड़ रहा है। हालांकि इस सवाल का जवाब अभी नही मिल सका है कि ये वीडियो असली है या एडिट किये गए है? वीडियो किसने और किस मकसद के तहत बनवायी है? 2022 में बनायी गयी इन अश्लील वीडियोज़ को 2024 के चुनाव में उपेंद्र रावत को दोबारा भाजपा का टिकट मिलने के बाद ही क्यों वायरल किया गया और ऐसा करने के पीछे किसका हाथ है? इन सभी सवालो के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकते हैं।
वहीं सांसद उपेंद्र सिंह रावत का कहना है कि विरोधी मुझे फसाने के लिए षडयंत्र कर रहे हैं। मेरी छवि को धूमिल और मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। सांसद के निजी सचिव दिनेश रावत ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर वायरल वीडियोज़ को एडिटेड और सांसद उपेन्द्र सिंह रावत की छवि धूमिल करने का प्रयास बताते हुए वीडियो वायरल करने वाले अज्ञात व्यक्ति के ख़िलाफ़ मुकदमा भी दर्ज करा दिया है। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली का कहना है कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। अश्लील वीडियो हटवाये जा रहे हैं। जांच की जा रही है। वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – मन्सूफ अहमद / आसिफ हुसैन

Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
7,144
















